हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। रावतसर और भादरा में 2 तस्करों के अवैध अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाया गया। एसपी नरेंद्र सिंह मीना के निर्देश पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई रावतसर कस्बे में हुई। यहां पुलिस थाना रावतसर के हिस्ट्रीशीटर और मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी विनोद कुमार नायक के मकान के आगे गली में किए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई रावतसर थानाधिकारी ईश्वरानंद के नेतृत्व में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र गोदारा, नगरपालिका निरीक्षक प्रह्लाद मटोरिया और उनकी टीम के सहयोग से की गई। जेल में बंद है आरोपी नशा तस्कर पुलिस के अनुसार वार्ड 25, रावतसर निवासी विनोद कुमार नायक के खिलाफ कस्बे में चिट्टा तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आरोपी के विरुद्ध जुआ-सट्टा, अवैध शराब, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह वर्तमान में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है। मकान के आगे किए अतिक्रमण को तोड़ा दूसरी कार्रवाई भादरा थाना क्षेत्र में की गई। यहां नशा तस्कर भाल सिंह उर्फ मास निवासी वार्ड 26, शिवपुरा बास, भादरा द्वारा अपने मकान के आगे किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने हटवा दिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के करीब 6 मामले दर्ज बताए गए हैं। भादरा में कार्रवाई के दौरान सीओ राजेंद्र कुमार, थानाधिकारी लखवीर सिंह, एसआई साहबराम सहित पुलिस टीम मौजूद रही। प्रशासन की ओर से तहसीलदार धर्मेंद्र जादू तथा नगरपालिका की ओर से जेईएन चरण सिंह ने सहयोग किया। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करों और अन्य संगठित अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।