मुंबई इंडियंस IPL प्लेऑफ से बाहर हो गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई को रविवार को रोमांचक मुकाबले में आखिरी बॉल पर हराया। 20वें ओवर की चौथी गेंद पर भुवनेश्वर का सिक्स मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। RCB को आखिरी ओवर में जीत के लिए 15 रन चाहिए थे और उसके 7 विकेट गिर गए थे। राज बावा ने ओवर की तीसरी गेंद पर रोमारियो शेफर्ड को आउट किया। अब मैच में 3 गेंद बाकी थे और RCB जीत से 9 रन दूर थी। मुंबई की जीत तय लग रही थी, तभी भुवनेश्वर ने ओवर की चौथी गेंद पर सिक्स लगाकर बेंगलुरु की उम्मीदों को फिर जिंदा कर दिया। पांचवीं गेंद पर उन्होंने सिंगल लिया। बेंगलुरु को अब एक गेंद पर जीत के लिए 2 रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर रसिख सलाम थे। उन्होंने ओवरपिच गेंद को सामने पुश किया और दौड़ पड़े। पहला रन आसानी से पूरा किया, लेकिन दूसरे रन के लिए लंबी डाइव लगानी पड़ी। इस बीच, विकेटकीपर रिकल्टन ने गिल्लियां उड़ा दीं, जिससे रनआउट का फैसला थर्ड अंपायर के पास चला गया। रिव्यू में पाया गया कि वेल्स गिरने से पहले रसिख क्रीज में पहुंच चुके थे। इस तरह RCB 2 विकेट से जीत गई। इससे पहले बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। मुंबई ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 166 रन बनाए। 167 रन का टारगेट बेंगलुरु ने 20 ओवर में 8 विकेट पर हासिल किया। इस जीत ने आरसीबी को पॉइंट टेबल में टॉप पर पहुंचा दिया है। मैच का स्कोरकार्ड… क्रुणाल पंड्या के विकेट से फंसा मैच 18वें ओवर तक मैच बेंगलुरु के पाले में जाता दिख रहा था। क्रुणाल पंड्या फिफ्टी बनाकर खेल रहे थे और बेंगलुरु को 13 बॉल पर 18 रनों की जरूरत थी। यहां अल्लाह गजनफर ने अपने ओवर की आखिरी बॉल पर क्रुणाल पंड्या को तिलक वर्मा के हाथों कैच करा दिया। क्रुणाल ने 73 रन की पारी खेलकर पावरप्ले में 3 विकेट गंवाने वाली बेंगलुरु को इस स्थिति तक पहुंचाया था। पावरप्ले में विराट कोहली 0, पडिक्कल 12 और पाटीदार 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। यहां से क्रुणाल पंड्या ने जैकब बेथेल के साथ 55 रन की साझेदारी की। तिलक की फिफ्टी, भुवनेश्वर को 4 विकेट मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 42 बॉल पर 57 रन की पारी खेली। उनके अलावा नमन धीर ने 47 रन बनाए। बेंगलुरु के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 4 विकेट लिए। दोनों टीमों की प्लेइंग-11 बेंगलुरु: विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम। मुंबई: रोहित शर्मा, रयान रिकलटन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉबिन बॉश, दीपक चाहर, एएम गजनफर, जसप्रीत बुमराह।