नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी 2026 की रजिस्ट्रेशन फीस रिफंड के लिए बैंक अकाउंट डिटेल्स रिकन्फर्म या अपडेट करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई निर्धारित की है। पहले यह तिथि 30 जून थी, जिसे विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बढ़ाया गया था। एनटीए की ओर से कई बार सूचना जारी किए जाने के बावजूद करीब 3.79 लाख अभ्यर्थियों ने अब तक अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट या रिकन्फर्म नहीं की है। 22.79 लाख पंजीकृत अभ्यर्थियों में से लगभग 19 लाख विद्यार्थी यह प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। एक्सपर्ट देव शर्मा ने शिक्षा मंत्रालय से नीट-यूजी 2027 के आयोजन को लेकर जल्द स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के स्वरूप को लेकर कई सवाल बने हुए हैं, जैसे क्या परीक्षा दो चरणों में होगी, क्या 12वीं बोर्ड के अंक जोड़े जाएंगे, क्या परीक्षा ऑनलाइन होगी, क्या प्रयासों की संख्या या अधिकतम आयु सीमा तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर स्पष्टता नहीं होने से अगले वर्ष परीक्षा देने वाले 20 लाख से अधिक संभावित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। एमबीबीएस जैसे महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा को लेकर समय रहते नीति स्पष्ट करना आवश्यक है।