टोंक| पृथ्वी दिवस पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, टोंक शाखा के राजयोग भवन में संपूर्ण प्रकृति के लिए सकारात्मक संकल्प व पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। आयोजित कार्यक्रम में केंद्र प्रभारी अपर्णा दीदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को माता का दर्जा दिया गया है और वृक्ष, नदियां, पर्वत, अग्नि व वायु जैसे तत्वों की पूजा की परंपरा रही है। लेकिन वर्तमान समय में मानव स्वार्थवश प्रकृति का अंधाधुंध दोहन कर रहा है, जिसके दुष्परिणाम स्पष्ट रूप से सामने आ रहे हैं। उन्होंने सभी से प्रकृति संरक्षण को अपनी नैतिक जिम्मेदारी मानते हुए जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। ब्रह्माकुमारी गुंजन दीदी ने कहा कि भौतिक विकास की दौड़ में मानव प्रकृति से दूर होता जा रहा है। यदि समय रहते संतुलन नहीं बनाया गया तो इसका गंभीर असर भविष्य पर पड़ेगा। आखिर में राजयोग ध्यान का अभ्यास कराया गया।