रेवाड़ी जिले के गांव किशनपुरा में बुधवार सुबह एमएससी पास एक विवाहिता का शव फंदे पर लटकता मिला। भाई ने दहेज के 5 लाख रुपए नहीं देने पर पति, जेठ और जेठानी पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। भाई मनोज ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद अपने गांव लेकर जाएंगे। वहीं शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। दिसंबर 2023 में हुई थी शादी राजस्थान के अलवर जिले के रेणागेर निवासी मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन नीतू की शादी 8 दिसंबर 2023 को रेवाड़ी के किशनपुरा निवासी राकेश के साथ हुई थी। शादी के एक माह बाद तो सबकुछ ठीक चला। इसके बाद जेठ और जेठानी ने पति राकेश के साथ मिलकर दहेज को लेकर ताने देने शुरू कर दिया। सितंबर 2024 में नीतू ने बेटी को जन्म दिया। जिसके बाद उसकी जेठानी परिता ने और ताने देने शुरू कर दिए। बेटी के पीलिये में मांगें 5 लाख मनोज ने अपनी शिकायत में बताया कि बेटी होने के बाद जेठानी परिता ने कहा कि लड़की के कपड़ों के साथ 5 लाख रुपए भी मंगवा लेना। जब मेरे पिता ने पैसे देने में असमर्थता जताई तो 2 महीने पहले राकेश हमारे घर पहुंचे और ट्रैक्टर अपने साथ ले गए। इसके बाद भी राकेश और उनके भाई-भाभी की हरकतें कम नहीं हुई। 14 की रात को किया फोन मनोज ने बताया कि 14 अप्रैल रात 9-10 बजे उसके पास नीतू का फोन आया। फोन पर नीतू ने बताया कि राकेश के साथ उसके जेठ-जेठानी उससे 5 लाख रुपए की मांग करते हुए मारपीट कर रहे हैं। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मैने नीतू को सुबह पिता के साथ किशनपुरा पहुंचने का भरोसा दिया था। बुधवार सुबह हमें बताया कि नीतू ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जिसके बाद ग्रामीणों के साथ हम मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेठानी परिता, जेठ मुकेश और पति राकेश पर नीतू की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। बावल पुलिस ने भाई की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।