बूंदी जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मायजा गांव में एक विश्वस्तरीय औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की औद्योगिक पार्क प्रोत्साहन नीति 2026 के तहत इस परियोजना पर काम शुरू हो गया है। रीको ने 27.41 हेक्टेयर भूमि पर इस पार्क के विकास के लिए निजी डेवलपर्स से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस परियोजना को बूंदी में स्वीकृत कराने और लाने में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और जिले के प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके विशेष प्रयासों के कारण ही मायजा को इस योजना के लिए चुना गया है। रीको द्वारा आमंत्रित आवेदनों के लिए महत्वपूर्ण तिथियां निर्धारित की गई हैं। इच्छुक डेवलपर्स 31 जुलाई शाम 6 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदनों की स्क्रीनिंग 3 से 17 अगस्त तक की जाएगी। योग्य आवेदकों को 20 से 31 अगस्त 2026 के बीच ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट) जमा करनी होगी। ऑनलाइन बिडिंग 3 सितंबर सुबह 10 बजे से शुरू होकर 7 सितंबर शाम 5 बजे तक चलेगी। इस औद्योगिक पार्क के विकास के लिए कुछ शर्तें लागू होंगी। आवेदन धारक को प्रति एकड़ कम से कम 50 लाख रुपए का निवेश करना अनिवार्य होगा। साथ ही, पार्क में न्यूनतम 10 औद्योगिक इकाइयों की स्थापना सुनिश्चित करनी होगी। डेवलपर्स को पहले राजनिवेश पोर्टल पर एमओयू (समझौता ज्ञापन) करना होगा, जिसके बाद वे रीको पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।