विद्याधर नगर थाना इलाके में कार टच होने की बात को लेकर बेखौफ युवकों ने कार गैराज पर एक पिता और बेटे को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। वारदात का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर सरेआम मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मामले के अनुसार नया खेड़ा-अंबाबाड़ी निवासी दीपक सैनी की कार के एसी ठीक करने का गैराज है। वे शनिवार सुबह 10:15 बजे गैराज में खड़ी कार को निकाल रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक कार से उनकी कार टच हो गई। कार सवार दो युवकों से विवाद हुआ, जिसमें युवकों ने मारपीट कर दी। इसके बाद युवक अपने साथियों को बुलाकर ले आए और दीपक से मारपीट शुरू कर दी। पिता बचाने आए तो उनके साथ भी मारपीट की। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमलावर पिता और बेटे पर ताबड़तोड़ वार कर रहे हैं। पीड़ित खुद को बचाने के लिए भागते रहे, लेकिन बदमाशों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी वारदात बीच सड़क पर हुई। वहां से कई लोग गुजर रहे थे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई। घटना की सूचना पर विद्याधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। थानाधिकारी हिम्मत सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।