भास्कर संवाददाता | टोंक राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से आयोजित वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा (माध्यमिक शिक्षा विभाग)-2025 का आगाज रविवार से शांतिपूर्ण माहौल में हुआ। जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर पहली पारी में सामान्य ज्ञान की परीक्षा हुई, जिसमें 11,261 में से 7,977 अभ्यर्थी शामिल हुए। 3,284 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पारी में उपस्थिति 70.84 प्रतिशत दर्ज की गई। दूसरी पारी में परीक्षा में 7,822 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 3,439 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पारी में उपस्थिति 69.46 प्रतिशत रही। परीक्षा की निष्पक्ष एवं सुचारु व्यवस्था के लिए 8 पेपर कोऑर्डिनेटर, 47 ऑब्जर्वर और 4 सतर्कता दल तैनात किए गए । जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। आरपीएससी की यह परीक्षा 17 जुलाई तक चलेगी। सोमवार को पहली पारी में सामान्य ज्ञान तथा दूसरी पारी में हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए 27 परीक्षा केंद्रों पर 11,640 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।