जैसलमेर में LDC (ग्रेड सेकेंड) भर्ती परीक्षा में नकल को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। टीचर की ओर से महिला अभ्यर्थी को नकल कराने का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। हालांकि एग्जाम दे रहे दूसरे अभ्यर्थियों ने नकल कराने पर आपत्ति की तो टीचर बोले- तुम्हें भी बता देंगे, शोर मत करो। इधर, भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक और नकल के आरोपों को लेकर कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने कहा है कि मामले को छिपाने के बजाय तत्काल कार्रवाई की गई और अब एफआईआर के बाद पूरी सच्चाई सामने आएगी। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) की 5 जुलाई को LDC (ग्रेड सेकेंड) भर्ती परीक्षा ली गई थी। जैसलमेर में स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल परीक्षा केंद्र पर दूसरी पारी के दौरान एक महिला अभ्यर्थी को नकल कराने के आरोप लगे थे। CCTV में रिलीवर फाइल में दबाकर कैंडिडेट का पेपर बाहर ले जाते हुए नजर आया। 12 मिनट के बाद पेपर कैंडिडेट की टेबल पर रखा दिखाई दे रहा है। इसी फुटेज के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार बिस्सा ने कोतवाली थाने में एफआईआर कराई। इसके बाद पुलिस ने रिलीवर पदमसिंह और अभ्यर्थी मनु कंवर को हिरासत में लिया है। वहीं स्कूल के हेडमास्टर उम्मेदसिंह, टीचर जालम सिंह, एग्जामिनर (वीक्षक) भीमसिंह से पूछताछ और विभागीय जांच चल रही है। पहले 2 पॉइंट्स में पढ़िए... 5 जुलाई का घटनाक्रम 1.परीक्षार्थियों ने जताई थी आपत्ति: स्कूल के रूम नंबर-10 में 24 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे थे। शाम 4 बजे कुछ अभ्यर्थियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर आपत्ति जताई, लेकिन आरोप है कि केंद्र अधीक्षक ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। 2. फ्लाइंट स्कॉयड पहुंचा तो खुला मामला: करीब 5 बजे उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वॉड) सेंटर पर पहुंचा तो कई अभ्यर्थियों ने शिकायत की। परीक्षा खत्म होने के बाद जिला कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई गई। अब पढ़िए CCTV और FIR की पूरी कहानी… धोती-कुर्ता पहन कर आया टीचर दोपहर 3:09 बजे: सीसीटीवी में नजर आया कि धोती-कुर्ता और पगड़ी पहने एक व्यक्ति कमरा नंबर 10 में महिला अभ्यर्थी मनु कंवर (रोल नंबर 1775156) की सीट पर जाता है। उसका पेपर देखकर वापस चला जाता है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने इस व्यक्ति की पहचान स्कूल के रिलीवर टीचर पदमसिंह के रूप में की है। दोपहर 3:36 बजे: पदमसिंह हाथ में एक रजिस्टर (फाइल) लेकर दोबारा मनु कंवर की सीट पर पहुंचता है। वह मनु का पेपर अपने रजिस्टर के भीतर छिपाता है और क्लास रूम से बाहर निकल जाता है। दोपहर 3:38 से 3:48 बजे: पेपर बाहर जाने के बाद बगल की सीट पर बैठी एक अन्य महिला अभ्यर्थी मनु कंवर से पूछती है कि तुम्हारा पेपर कहां गया? इस दौरान पूरे 12 मिनट तक मनु कंवर बिना पेपर के अपनी सीट पर चुपचाप बैठी रहती है। 3:48 PM पर वीडियो फुटेज में पेपर वापस अभ्यर्थी की टेबल पर आ चुका होता है। कमरे में मौजूद अन्य परीक्षार्थियों ने जब पेपर बाहर ले जाते देखा, तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। FIR में दर्ज अभ्यर्थियों के बयानों में एग्जामिनर की भूमिका भी संदिग्ध है। अब पढ़िए हॉल में मौजूद कैंडिडेट्स के बयान… टीम ने पांच की भूमिका संदिग्ध मानी SDM जैसलमेर की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति इसमें CDEO और डीएसपी शामिल थे। टीम ने रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा है- पदम सिंह की ओर से महिला कैंडिडेट मनु कंवर को नकल कराने के लिए पेपर बाहर गया। इसके साथ ही, घटना के समय कमरे में हंगामा होने पर भी केन्द्राधीक्षक उम्मेद सिंह राठौड़ और एग्जामिनर ने इस पर पर्दा डालने की कोशिश की। उनकी भूमिका भी संदिग्ध है। पुलिस ने कैंडिडेट मनु कंवर और रिलीवर पदम सिंह को आज कोर्ट में पेश किया। इसके बाद मनु की 1 दिन की रिमांड और पदम सिंह को 4 दिन की रिमांड पर लिया है। सांसद बोले- एसआईटी करें जांच घटना सामने आने के बाद सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर मामले की जांच के लिए सीएम से स्पेशल टास्क फोर्स के गठन की मांग की है। उन्होंने कहा भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। चयन बोर्ड अध्यक्ष बोले- ये नकल कराने का मामला था या पेपर लीक? मामले पर चयन बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा- ये नकल कराने का मामला था या पेपर लीक? जिला प्रशासन या बोर्ड ने मामला छिपाया या तुरंत जांच शुरू की? इसका निर्णय जनता खुद करें। एफआईआर दर्ज हो चुकी है। अब यह भी खुलासा होगा कि लाइट गुल हुई या करवाई गई। उन्होंने आगे लिखा- बोर्ड पहले ही बता चुका था कि परीक्षा के सभी कक्षों में करीब 28 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। …. ये खबरें भी पढ़ें… LDC भर्ती परीक्षा विवाद, बोर्ड अध्यक्ष बोले-लाइट गुल हुई या करवाई:खुलासा होगा; कैमरों की रिकॉर्डिंग से जरूरी सबूत मिले हैं, एजेंसियों को मदद मिलेगी LDC एग्जाम में महिला अभ्यर्थी को कराई नकल:कमरे से बाहर भेज दिया था पेपर; हेडमास्टर, टीचर समेत 5 को पकड़ा