हनुमानगढ़ के 32वें स्थापना दिवस के अवसर पर 3 दिवसीय 'पंच गौरव-भटनेर उत्सव' के अंतिम दिन रविवार को 'रन फॉर हनुमानगढ़' दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें खिलाड़ियों, युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन ने उत्साह से भाग लिया। यह दौड़ ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग में 'अर्पण' कार्यक्रम के तहत हुई। कार्यक्रम की शुरुआत भटनेर दुर्ग स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद 'रन फॉर हनुमानगढ़' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ जिले की ऐतिहासिक धरोहर के प्रति लोगों को जागरूक करना था। विजेताओं का हुआ सम्मान प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में अमृतपाल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि साहिल कम्बोज दूसरे और निर्मल तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में लक्ष्या ने पहला स्थान प्राप्त किया, मिशू द्वितीय और भावना तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता प्रतिभागियों को समारोह में सम्मानित किया गया। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने इस अवसर पर कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह जिले की सांस्कृतिक विरासत, उपलब्धियों और सामाजिक एकता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और जिले के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि अमित सहू, मुख्य कार्यकारी अधिकारी देशराज बिश्नोई, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला, नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव और जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।