भरतपुर के रूपवास में तंबाकू उत्पाद बेचने वाले व्यापारियों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने व्यापारियों के चालान काटे, जिसका लोगों ने विरोध किया है। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस बड़े व्यापारियों पर कोई कार्रवाई नहीं करती और छोटे व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है। उनका दावा है कि जब व्यापारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया तो उन्होंने जेल में बंद करने की धमकी दी गई। 500-500 रुपए के चालान काटे तंबाकू व्यापारी राजेश ने बताया- बस स्टैंड के पास हमारी तंबाकू की दुकान है। आज पुलिस की टीम दुकान पर आई। इसमें रूपवास थाने के ASI कुंज बिहारी भी थे। उन्होंने तंबाकू बेचने का लाइसेंस मांगा। किसी दुकान वाले के पास तंबाकू बेचने का लाइसेंस नहीं था। इसके बाद उन्होंने दुकानों पर 500-500 रुपए के चालान काटना शुरू कर दिया। जब पुलिस कार्रवाई का विरोध किया तो पुलिसकर्मी उन्हें जेल में बंद करने की धमकियां देने लगे। बड़े व्यापारियों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस तंबाकू बेचने वाले बड़े व्यापारियों पर कोई कार्रवाई नहीं करती। सिर्फ छोटे व्यापारियों पर कार्रवाई की जाती है। पहले भी कई बार छोटे व्यापारियों पर कार्रवाई की गई हैं। जब व्यापारी ऐसी कार्रवाइयों का विरोध करते हैं तो, पुलिसकर्मी उन्हें धमकाते हैं। 5 दुकानों पर कार्रवाई की गई ASI कुंजबिहारी ने बताया- आज बिना लाइसेंस के तंबाकू उत्पाद बेचने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई की गई। बस स्टैंड पर 5 दुकानों के चालान काटे गए। बिना लाइसेंस के तंबाकू बेचने वाले जो भी व्यापारी हैं, उन सभी पर कार्रवाई की जाएगी। इनपुट- अनिल, रूपवास, भरतपुर