सिरोही में सगरवंशी माली समाज अपने आराध्य देव श्री भागिरथेश्वर महादेव की प्रतिष्ठा के 50 साल पूरे होने पर स्वर्ण जयंती महामहोत्सव मना रहा है। यह आयोजन इस वर्ष को विशेष रूप से चिह्नित कर रहा है। समाज के पूर्व सचिव सुरेश सगरवंशी ने बताया कि मंदिर में सांझी प्रसंग का आयोजन हो रहा है। इसमें माता-बहनें मांगलिक गीतों और ढोल-बाजे के साथ नाचते-गाते हुए अपने-अपने क्षेत्र से हल्दी (सांझी) लेकर आ रही हैं। इस प्रसंग में महिलाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। भगवान का किया विशेष श्रृंगार सांझी में भगवान के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ ही पोशाक, श्रृंगार सामग्री, फल, मिठाई और मेवे सहित विविध सामग्री लाई जा रही है। मंदिर में नियमित आरती के साथ मांगलिक गीत और भजन का आयोजन भी हो रहा है। मेहंदी और गुड़ भेंट कर परंपरा निभाई समाज सचिव गिरीश सगरवंशी ने बताया कि शाहजी की बाड़ी से सांझी प्रमुख जितेंद्र सगरवंशी, टांकरिया क्षेत्र से महेंद्र सगरवंशी, महाकाली नगर से विनोद सगरवंशी और संपूर्णानंद कॉलोनी क्षेत्र से राजेंद्र सगरवंशी सहित क्षेत्रवासी पूरे जोश और उत्साह के साथ सांझी लेकर मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचने पर समाज के बाबूलाल सगरवंशी की अध्यक्षता में समाज कमेटी द्वारा सभी समाजजनों का स्वागत किया गया। इस दौरान मेहंदी और गुड़ भेंट कर परंपरा का निर्वाह किया गया। 28 से होगा भव्य आयोजन स्वर्ण जयंती महोत्सव के तहत 28 अप्रैल से 01 मई तक 4 दिवसीय भव्य आयोजन होगा। इसके लिए समाज की भूमि पर एक विशाल पंडाल बनाया गया है, जहां नियमित भोजन प्रसादी के साथ महाप्रसादी का भी वितरण किया जाएगा।