सिरोही जिले में सगरवंशी माली समाज अपने आराध्य देव के वार्षिक मेले की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस अवसर पर समाज ने 28 अप्रैल से 1 मई तक 4 दिवसीय स्वर्ण जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन करने का निर्णय लिया है। समाज के पूर्व सचिव सुरेश सगरवंशी ने बताया कि अध्यक्ष बाबूलाल सगरवंशी और सचिव गिरीश सगरवंशी के मार्गदर्शन में महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस आयोजन में राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश से भी समाज के परिवार शामिल होंगे। चार दिवसीय आयोजन के लिए मंदिर प्रांगण में समाज के वरिष्ठजनों द्वारा हाल ही में स्टिकर का विमोचन किया गया। साथ ही, महोत्सव से संबंधित पत्रिका और अन्य विविध कार्यों की जिम्मेदारियां भी वितरित की गईं। समाज के कोषाध्यक्ष शैतान कुमार, उपाध्यक्ष अशोक कुमार, सहसचिव दिनेश कुमार, मुकेश, पार्षद अनिल, नवल किशोर, जितेंद्र, रामचंद्र, राजेंद्र, अर्जुन, राहुल और विनोद सहित सभी सदस्य पूरे उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।