डूंगरपुर जिले में गर्मी के मौसम में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन और दमकल विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में फायर सेफ्टी सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को सागवाड़ा राजकीय अस्पताल परिसर में आग से बचाव की मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान आग लगने, उसे बुझाने सहित अन्य आपातकालीन गतिविधियों का लाइव डेमो दिया गया। दमकल विभाग के फायरमैन नीलेश पाटीदार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और वहां मौजूद आमजन को आग बुझाने के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया। उन्हें आग की सूचना मिलने पर तुरंत बचाव कार्य शुरू करने के तरीके सिखाए गए। इस मौके पर यह भी जोर दिया गया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय संयम से काम लेना चाहिए। इस दौरान सागवाड़ा एसडीएम सुबोध सिंह चारण भी मौजूद रहे। उन्होंने इस अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर फायर सेफ्टी की जानकारी होना जीवन रक्षक साबित हो सकता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अस्पताल स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार करना और उन्हें उपकरणों के संचालन में दक्ष बनाना है। मॉक ड्रिल में अस्पताल प्रशासन और दमकल विभाग के अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।