भास्कर न्यूज| बालोतरा ब्रह्मधाम तीर्थ के संस्थापक ब्रह्मलीन गुरुदेव खेतेश्वर महाराज की 52वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में संत सनातन महाराज ने 27 अप्रैल को विशेष रूप से गो सम्मान दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने गो सेवा, सुरक्षा, सम्मान को लेकर व्यापक स्तर पर जन भागीदारी की अपील की। संत सनातन महाराज ने जिले के सभी तहसील, उपखंड मुख्यालयों पर अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर ज्ञापन देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 27 अप्रैल को पूरे भारतवर्ष में करोड़ों लोग एक साथ संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन में गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग होगी। यह ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल के नाम प्रेषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा मिलने तक यह महाअभियान चरणबद्ध तरीके से लगातार जारी रहेगा। संत सनातन महाराज ने सभी सनातन धर्मावलंबियों से परिवार सहित अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश में गो माता की दुर्दशा चिंताजनक है। उसकी सुरक्षा हर हिंदू का प्रथम कर्तव्य है।