सलूम्बर जिले के गठन के बाद पहली बार जिला परिषद सदस्यों और जिला प्रमुख के चुनाव होने जा रहे हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला परिषद के सभी 21 वार्डों के प्रत्याशियों को अपने नामांकन पत्र सलूम्बर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जमा कराने होंगे। प्रत्याशियों की सुविधा और नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्ट्रेट के बाहर तीन अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे। वहीं, परिसर के अंदर नामांकन पत्रों की जांच और अन्य औपचारिकताओं की व्यवस्था रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद जुनैद और उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला ने नामांकन प्रक्रिया के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रत्याशियों के कलेक्ट्रेट पहुंचने से लेकर नामांकन पत्र जमा कराने तक की प्रक्रिया का डेमो भी किया, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा सके। प्रत्याशियों की सुविधा के लिए बाहर बनेंगे 3 काउंटर नामांकन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर तीन काउंटर निर्धारित किए गए हैं। पहले काउंटर पर सहायता केंद्र संचालित होगा, जहां प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। दूसरे काउंटर पर मतदाता सूची में नाम की जांच होगी, जबकि तीसरे काउंटर पर निर्धारित शुल्क जमा कराने की व्यवस्था रहेगी। एक-एक कर जिला निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में जाएंगे प्रत्याशी नामांकन प्रक्रिया के अंतिम चरण में प्रत्याशियों को एक-एक कर जिला निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। इससे कलेक्ट्रेट परिसर में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी। 19 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 अक्टूबर 2026 को लोक सूचना जारी की जाएगी। इसके बाद प्रत्याशी 23 अक्टूबर तक निर्धारित समय में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 26 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 नवंबर को मतदान और मतगणना होगी।