सलूंबर में बुधवार रात 8 बजे से मूसलाधार बारिश शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। जिले की गोमती और खरका नदी में भी पानी की आवक हुई, इससे लोग नदियों के बहते पानी का नजारा देखने पहुंचे। गोमती नदी में पानी की आवक इस बारिश से जहां शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया, वहीं ग्रामीण इलाकों में सूखे पड़े नदी-नालों में जलप्रवाह शुरू हो गया। एशिया की सबसे बड़ी मानव निर्मित मीठे पानी की झील जयसमंद को भी राहत मिली है, क्योंकि झील की जीवनदायिनी गोमती नदी में तेज जल आवक दर्ज की गई। देखें बारिश से जुड़े PHOTOS नदियों के बहते पानी का नजारा देखने पहुंचे लोग बारिश के बाद मेवल और छप्पन क्षेत्र पूरी तरह पानी से भर गए। गोमती नदी के साथ-साथ खरका नदी में भी अच्छी जल आवक देखने को मिली। इन दोनों नदियों का पानी जयसमंद झील में पहुंचता है, जिससे झील के कैचमेंट क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। नदियों में बहते पानी का नजारा देखने के लिए कई ग्रामीण और राहगीर भी पहुंचे। रात को तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश दिनभर जिले में मौसम का मिजाज बदलता रहा। कहीं सुबह हल्की फुहारें पड़ीं तो कहीं दोपहर बाद बादल जमकर बरसे। पूरे दिन उमस और बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन रात करीब 8 बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश देर रात तक जारी रही, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली। जिले में बुधवार रात से अब तक दर्ज बारिश के आंकड़े जिले में दर्ज वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, लसाड़िया में सर्वाधिक 235 मिमी बारिश दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों में झल्लारा में 88 मिमी, सेमारी में 51 मिमी, सलूम्बर में 49.4 मिमी और सराड़ा में 19 मिमी वर्षा हुई। इस लगातार बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। खरीफ फसलों की बुवाई के लिए पर्याप्त नमी मिलने से कृषि कार्यों में तेजी आने की संभावना है। खेतों में पानी भरने से मक्का, सोयाबीन, उड़द और अन्य खरीफ फसलों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक जिले में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है और कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से नदी-नालों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।