सलूंबर नगर परिषद चुनाव में सभापति पद पर कांग्रेस के नरेश जैन और उपसभापति पद पर डॉ. लव व्यास के निर्वाचित होने के बाद बुधवार को दोनों ने नगर परिषद पहुंचकर पदभार संभाला। निर्धारित अलग-अलग मुहूर्त में पदभार ग्रहण किया। कांग्रेस कमेटी की ओर से विजय जुलूस निकाला गया। नगर परिषद परिसर से शुरू हुआ जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ जैन बोर्डिंग पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। अलग-अलग मुहूर्त में ग्रहण की जिम्मेदारी नगर परिषद परिसर में सुबह से ही कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं की आवाजाही रही। नरेश जैन और डॉ. लव व्यास ने निर्धारित अलग-अलग मुहूर्त में पदभार ग्रहण किया। इस दौरान समर्थकों ने दोनों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और शुभकामनाएं दीं। परिसर में आतिशबाजी भी की गई। खुली जीप में निकले सभापति पदभार ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित सभापति नरेश जैन एवं नवनिर्वाचित पार्षद को खुली जीप में सवार कर जुलूस रवाना हुआ। नगर परिषद से शुरू होकर यह कांग्रेस कार्यालय, आशीर्वाद गार्डन चौराहा, माना की सेर की शेर, हरमंदिर जैन मंदिर, नागदा बाजार, बोहरा वाड़ी, आजाद मोहल्ला और होली चौक पहुंचा। विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इसके बाद जुलूस गांधी चौक, खटीकवाड़ा मोहल्ला और पुलिस चौकी होते हुए पुन: गांधी चौक पहुंचा। यहां से बस स्टैंड होते हुए जैन बोर्डिंग पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। आतिशबाजी के साथ हुआ अभिनंदन शहर के प्रमुख मार्गों पर जुलूस के दौरान समर्थकों में उत्साह नजर आया। कई स्थानों पर आतिशबाजी की गई और पुष्पमालाओं से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया। खुली जीप से लोगों का अभिवादन करते हुए नरेश जैन आगे बढ़े। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थन में नारे लगाए। कांग्रेस के विभिन्न संगठनों की भागीदारी विजय जुलूस का आयोजन सलूम्बर जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता एवं पूर्व सांसद तथा रघुवीर सिंह मीणा के नेतृत्व में हुआ। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य,पूर्व सांसद,वर्तमान एवं पूर्व विधायक,पूर्व जिला प्रमुख,उपप्रमुख,ब्लॉक अध्यक्ष,मंडल अध्यक्ष सहित सेवादल,भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन,युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस और अन्य प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।