सलूंबर में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में गड़बड़ी रोकने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही फ्लैग मार्च, नाकाबंदी, वाहनों की जांच और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए चुनाव प्रभावित करने वाले तत्वों पर नजर रखी जाएगी। कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनैद पी.पी. की अध्यक्षता में कानून एवं व्यवस्था संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला और पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई सहित संबंधित अधिकारियों ने चुनावी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर उनके लिए विशेष सुरक्षा कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। ईवीएम से स्ट्रॉन्ग रूम तक रहेगी सुरक्षा बैठक में मतदान दलों की रवानगी, मतदान केंद्रों तक उनकी सुरक्षित पहुंच, मतदान के बाद ईवीएम और निर्वाचन सामग्री की वापसी तथा स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी सामग्री पर निगरानी रखी जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। बैठक में शस्त्र जमा कराने की स्थिति और चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मतदान केंद्रों पर बिजली-पानी और दिव्यांगों के लिए वाहन जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और जरूरत के अनुसार जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए नियमानुसार वाहन सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया।