सलूंबर पुलिस ने जिलेभर में विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को रोकने के उद्देश्य से ये कार्रवाई की गई। अभियान के तहत कुल 41 दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटे गए। ये अभियान एसपी के निर्देशन तथा एएसपी और सीओ सलूंबर के मार्गदर्शन में चलाया गया। यातायात शाखा की टीम ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, गणेश घाटी बाइपास रोड, जिला कलेक्ट्रेट परिसर और एसपी कार्यालय के बाहर सघन जांच की। जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्हें आईएसआई मानक का हेलमेट पहनने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की समझाइश दी गई। यातायात प्रभारी एएसआई देवी दयाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कॉन्स्टेबल मयंक कुमार और कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह, देवी सिंह, विपुल कुमार और गणेश लाल शामिल थे, जिन्होंने संयुक्त रूप से अभियान को अंजाम दिया। ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि हेलमेट केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे मजबूत साधन है। सभी दोपहिया वाहन चालक स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिवार के सदस्यों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके।