सलूम्बर जिले के पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव ने अंतरजिला तबादला सूची जारी करते हुए पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) और उपनिरीक्षकों (SI) के तबादले किए हैं। इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने जिले में नई पदस्थापन सूची जारी कर थानों और विशेष इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। जारी आदेश के अनुसार सलूम्बर जिले को अन्य जिलों से 7 पुलिस निरीक्षक और 4 उपनिरीक्षक मिले हैं। वहीं, जिले से कई अधिकारियों को चित्तौड़गढ़, उदयपुर और बांसवाड़ा सहित अन्य जिलों में स्थानांतरित किया गया है। वृत्ताधिकारी स्तर पर भी बदलाव वृत्ताधिकारी स्तर पर हुए फेरबदल में राजीव राहेड ने केशरियाजी से स्थानांतरित होकर सलूम्बर वृत्ताधिकारी का पदभार संभाल लिया है। वहीं रूप सिंह ने सागवाड़ा से स्थानांतरित होकर सराड़ा वृत्ताधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है। SP ने जारी की नई पदस्थापन सूची जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने पुलिस निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों की नई पोस्टिंग जारी करते हुए थानों और विशेष इकाइयों की जिम्मेदारियां तय की हैं। पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सहायक पुलिस निरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल स्तर पर भी तबादला सूची जारी की है। बड़े स्तर पर हुए इस फेरबदल के बाद जिले के थानों, पुलिस लाइन, साइबर थाना, महिला थाना और विशेष शाखाओं में नई टीम के साथ पुलिस व्यवस्था प्रभावी होगी।