सलूंबर जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम बिश्नोई ने जनगणना-2027 के तहत अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर ली है। उन्होंने जिले के नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक बिश्नोई ने बताया कि उन्होंने आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर अपनी जानकारी दर्ज कर यह प्रक्रिया पूर्ण की। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे 1 से 15 मई 2026 के बीच अधिकतम संख्या में स्व-गणना कर इस पहल को सफल बनाएं। जनगणना-2027 का पहला चरण मकान सूचीकरण और आवास गणना से संबंधित है, जिसमें नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी गई है। स्व-गणना के बाद, 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। स्व-गणना प्रक्रिया में लगभग 5 से 10 मिनट का समय लगता है। सफल सबमिशन के बाद नागरिकों को एक विशिष्ट एसई आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक को दिखाना अनिवार्य होगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्व-गणना के लिए आमजन को निर्धारित 9 चरणों का पालन करना होगा, जिसमें पोर्टल लॉगिन से लेकर प्रगणक द्वारा सत्यापन तक शामिल है।