समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सलूंबर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला कांग्रेस कमेटी ने UCC से जुड़े सरकारी आयोजनों के बहिष्कार का ऐलान किया है। पार्टी ने कहा है कि यदि जिले में इस विषय पर कोई सरकारी कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तो कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी और ज्ञापन देकर अपना विरोध दर्ज कराएगी। यह निर्णय जिला कांग्रेस मुख्यालय में जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में UCC के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार विरोध की रणनीति तय की गई। कांग्रेस ने उठाए सवाल जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता को लेकर अब तक कोई स्पष्ट मसौदा या प्रारूप सार्वजनिक नहीं किया है। उनका कहना था कि ऐसे में बिना प्रारूप के जनता से सुझाव मांगना केवल औपचारिकता और भ्रम की स्थिति पैदा करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के मुद्दों के जरिए सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने और जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में UCC को लेकर सरकार का कोई भी कार्यक्रम होने पर कांग्रेस उसका बहिष्कार करेगी और विरोध प्रदर्शन के साथ ज्ञापन सौंपेगी। सचिन पायलट के दौरे की तैयारियां तेज बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के 14 जुलाई को प्रस्तावित सलूंबर दौरे को लेकर भी चर्चा हुई। सर्वसम्मति से तय किया गया कि दोपहर 12:30 बजे आरटीओ सर्कल पर उनका स्वागत किया जाएगा। स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तीनों ब्लॉक अध्यक्षों और उनके अधीन मंडल अध्यक्षों को कार्यकर्ताओं तक सूचना पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस पदाधिकारियों का दावा है कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आरटीओ सर्कल पहुंचकर सचिन पायलट का स्वागत करेंगे।