सलूम्बर जिले में भारत की डिजिटल जनगणना 2027 का पहला चरण 1 मई से शुरू हो गया है। इस चरण में मकानों की सूचीकरण और गणना का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी विशेषता ‘स्व-गणना’ है, जिसके जरिए नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। डिजिटल जनगणना अभियान की शुरुआत सलूम्बर विधायक शांता अमृत मीणा ने स्वयं अपना ऑनलाइन विवरण भरकर की। इस अवसर पर प्रशासनिक स्तर पर भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस डिजिटल प्रक्रिया का हिस्सा बन सकें और समय पर अपनी जानकारी दर्ज करें। सलूम्बर में जनगणना संचालन के लिए विशेष व्यवस्था नगर परिषद सलूम्बर ने आशीर्वाद गार्डन के सामने स्थित अस्थाई फायर स्टेशन पर जनगणना गतिविधियों के संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की है। यहां से पूरे अभियान की निगरानी और समन्वय किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने इसे व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश की विकास योजनाओं की नींव है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर केंद्र और राज्य सरकारें स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और रोजगार जैसी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती हैं। स्व-गणना पोर्टल 15 मई तक रहेगा खुला स्व-गणना के लिए पोर्टल 1 मई से 15 मई तक खुला रहेगा। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक घर-घर सर्वे का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रगणक फील्ड में जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए यह पोर्टल हिंदी और अंग्रेजी सहित कुल 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। जनगणना में पूछे जाएंगे 34 महत्वपूर्ण सवाल पहले चरण में कुल 34 प्रश्न पूछे जा रहे हैं, जिनमें मकान की निर्माण सामग्री और स्थिति, पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी सुविधाएं, परिवार की परिसंपत्तियां जैसे वाहन और संचार साधन, तथा परिवार के सदस्यों की जनसांख्यिकीय जानकारी शामिल है। प्रशासनिक बैठक में दिए गए निर्देश, जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. और अतिरिक्त जिला कलेक्टर दिनेश राय सपोला ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विधायक शांता अमृत मीणा, जिला मंत्री करण सिंह पवार, नगर मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा, नगर महामंत्री नरेंद्र सुथार, कैलाश गाँधी, एसडीएम जगदीश चंद्र बामनिया, तहसीलदार मयूर शर्मा, सांख्यिकी अधिकारी शेल सिंह, नगर परिषद आयुक्त गणपत लाल खटीक, जिला जन सूचना अधिकारी पुष्पक मीणा, दुष्यन्त भट्ट, संजय चास्टा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।