सलूम्बर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता लाने के उद्देश्य से 'मिशन सलूम्बर-100' का शुभारंभ किया गया। पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूम्बर में आयोजित जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में यह पहल शुरू की गई। मेधावी स्टूडेंट्स को किया सम्मानित इस समारोह में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं में जिला मेरिट में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों के संस्था प्रधानों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभाग के कई अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला थे, जबकि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी माया बजाड़ ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथियों में मिशन ज्ञान के सीईओ जितेंद्र सोनी, शिक्षा समिति के अध्यक्ष दौलत सिंह कलासुआ और नगर मंडल भाजपा के अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश राय सापेला ने बताया कि 'मिशन सलूम्बर-100' जिला प्रशासन की एक दूरदर्शी पहल है। इसका लक्ष्य जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान कर बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा और जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई पहचान दिलाएगा। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी माया बजाड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद के नेतृत्व में यह मिशन सफल होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग इसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रभावी ढंग से लागू करेगा। वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना समारोह का एक महत्वपूर्ण क्षण तब आया जब जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद ने 'मिशन ज्ञान' वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कलेक्टर और अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने वैन के भीतर उपलब्ध डिजिटल संसाधनों और अध्ययन सामग्री का अवलोकन किया। इस दौरान सीईओ जितेंद्र सोनी ने वैन की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। यह 'मिशन ज्ञान' वैन जिले के प्रत्येक ब्लॉक में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहुंचेगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर काउंसलिंग, उच्च शिक्षा के अवसरों, समय प्रबंधन, प्रेरक सत्रों और विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। इस पहल का लक्ष्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन पहुंचाकर उन्हें भविष्य के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। कार्यक्रम में इनका रहा सहयोग कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के रूप में जयेश चौबीस, नरेश सुथार, महावीर जैन, रामचंद्र सालवी एवं दिलीप खटीक सहित शिक्षा विभाग के यशवंत कुमार मेहता, प्रेमशंकर चौबीसा एवं हरीश कलासुआ का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन चंद्रवीर सिंह भाटी ने किया। शिक्षा के क्षेत्र में नई सोच, आधुनिक मार्गदर्शन और प्रतिभाओं के सम्मान के साथ 'मिशन सलूम्बर-100' ने जिले में शैक्षणिक उत्कृष्टता की एक नई उम्मीद जगा दी है।