धौलपुर के सैंपऊ कस्बे में गुरुवार को नगर पालिका प्रशासन ने मुख्य चौराहे के पास नहर की पटरी पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से फल, फ्रूट और सब्जी बेचने वाले दुकानदारों की अस्थायी दुकानों और कच्ची झोपड़ियों को बुलडोजर चलाकर हटाया गया। धौलपुर मार्ग और भरतपुर मार्ग स्थित नहर किनारे लगी कई दुकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कई दुकानों के सामने लगे टीन शेड भी तोड़ दिए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दुकानदार अपना सामान बचाने की जद्दोजहद करते दिखे। बिना सूचना के कार्रवाई का आरोप दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उन्हें सामान निकालने तक का समय नहीं दिया गया और बिना पर्याप्त सूचना के यह कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर पालिका की टीम ने कई दुकानदारों का सामान भी जब्त कर लिया। हालांकि अधिशासी अधिकारी भगत सिंह कुशवाहा ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए 5 दिन पहले नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि कार्रवाई वाले दिन सुबह भी मुनादी कराकर दुकानदारों को आगाह किया गया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी। कार्रवाई को भेदभावपूर्ण बताया कई दुकानदारों ने इस कार्रवाई को भेदभावपूर्ण बताया। उनका आरोप है कि कुछ दुकानों को छोड़ दिया गया, जबकि अन्य को तोड़ दिया गया। इस बात को लेकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ दुकानदारों में भारी आक्रोश देखा गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिसके कारण विरोध के बावजूद दुकानदार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को रोक नहीं सके।