SP अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर जिला विशेष टीम (DST) और सांगड़ थाना पुलिस ने मिलकर 2 तस्करों को रंगे हाथों दबोचा है। इनके पास से भारी मात्रा में तलाशी के दौरान कार से 100 ग्राम एमडी ड्रग्स और 32 ग्राम अफीम का दूध बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी सत्यपाल (30) और मालाराम (35) दोनों जालोर जिले के हेमागुडा के रहने वाले हैं। इस सफल रेड में सांगड़ थानाधिकारी राजेश कुमार और DST इंचार्ज भीमराव सिंह की टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की। खेप लेकर आने का इनपुट था इस पूरे ऑपरेशन में DST हेड भीमराव सिंह और उनकी टीम की कड़ी मेनहत रही। पुलिस को काफी समय से इन दोनों तस्करों पर शक था और टीम उनकी हर मूवमेंट पर नजर रख रही थी। जैसे ही पुलिस को पुख्ता खबर मिली कि ये दोनों आरोपी सांचौर से ड्रग्स की एक बड़ी खेप लेकर जैसलमेर की तरफ निकले हैं, पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। टोल नाके पर पकड़ने का बनाया प्लान जैसलमेर से करीब 35-40 किलोमीटर पहले एक टोल नाके पर पुलिस ने जाल बिछाया। जैसे ही तस्करों की रेनो क्विड कार (RJ 01 CE 1173) टोल पर रुकी, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने अपनी दो गाड़ियां तस्करों की कार के ठीक पीछे लगा दीं ताकि वे बैक न कर सकें। जैसे ही वे आगे भागने की सोचते, एक तीसरी पुलिस वैन सामने से आकर खड़ी हो गई। चंद सेकंड्स के अंदर पुलिस के जवानों ने तस्करों को कार से बाहर खींच लिया। नशे का नेटवर्क खत्म करेंगे- SP इस मामले में जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया- नशे के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है। हमें सूचना मिली थी कि सांचौर रूट से नशे की बड़ी खेप जैसलमेर में सप्लाई होनी है। हमारी DST टीम और सांगड़ पुलिस ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए टोल नाके पर ट्रैप लगाया और तस्करों को भागने का कोई मौका नहीं दिया। हमारी प्राथमिकता न केवल इन तस्करों को पकड़ना है, बल्कि इनके पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है। जिले में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस सफल रेड में सांगड़ थानाधिकारी राजेश कुमार निपु और DST इंचार्ज भीमराव सिंह की टीम का विशेष योगदान रहा।