हनुमानगढ़ में नशा तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत संगरिया पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने 100.37 ग्राम हेरोइन और 40 हजार रुपए की बिक्री राशि बरामद की। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनकी स्कूटी भी जब्त कर ली गई है। संगरिया थानाधिकारी अमर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक केशव शर्मा की टीम ने गश्त के दौरान शाहपीनी सिंहपुरा रोड, रोही शाहपीनी क्षेत्र में यह कार्रवाई की। पुलिस ने स्कूटी पर सवार सुखप्रीत सिंह उर्फ सिद्धू और गगनदीप कौर उर्फ खुशी को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से 100.37 ग्राम हेरोइन, 40 हजार रुपए नकद और स्कूटी मिली। जेल में बंद बदमाश के साथ मिलकर चला रहे थे सिंडिकेट पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संगरिया थाने में मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच तलवाड़ा थाने के उपनिरीक्षक राजपाल सिंह कर रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब की गोविंदवाल जेल में बंद मनप्रीत सिंह उर्फ कल्याण बाबा के संपर्क में थे। वे उसके साथ मिलकर हेरोइन की तस्करी का एक सिंडिकेट चला रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखप्रीत सिंह उर्फ सिद्धू (25) निवासी वार्ड नंबर 7, शाहपीनी, संगरिया और गगनदीप कौर उर्फ खुशी (30) पत्नी मनप्रीत सिंह उर्फ कल्याण बाबा, निवासी वार्ड नंबर 7, शाहपीनी के रूप में हुई है।