सपोटरा विधायक हंसराज मीणा ने शुक्रवार को नवीन करणपुर घाटी में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान विधायक ने अधिकारियों को कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक मीणा ने बताया कि लगभग 3 किलोमीटर लंबी इस घाटी के निर्माण पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की और मौके पर मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी मांगी। विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस परियोजना को अगले 17 से 18 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।विधायक मीणा ने दोहराया कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।