धौलपुर जिले के सरमथुरा कस्बे में गुरुवार को लापता हुए एक व्यक्ति का शव शुक्रवार सुबह कुएं में मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अस्पताल भिजवाया। थाना अधिकारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का शव कुएं में पड़ा है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को सरमथुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान 56 वर्षीय रामप्रसाद धोबी पुत्र लक्ष्मण धोबी, निवासी खोहरी कैला देवी हाल निवासी शिव कॉलोनी, महाराज के तालाब के पास सरमथुरा के रूप में हुई है। बेटे ने दी रिपोर्ट मृतक के पुत्र सागर ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 8 साल से सरमथुरा में रह रहा है और उनके पिता मजदूरी करते थे। गुरुवार सुबह वह घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी। सागर ने यह भी बताया कि उनके पिता को नशे की लत थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि रामप्रसाद का पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने एएसआई लाखन सिंह की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी करवाई और मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।