सरूण्ड थाना पुलिस ने सांवलिया धर्मकांटा के पास हुई 6 लाख 10 हजार रुपए की लूट के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात की साजिश रचने में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद किया है। यह वारदात 23 जून को दोपहर करीब 12:05 बजे हुई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू मोहनपुरा की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते पर बाइक सवार बजरंग पुत्र गोकुल चंद गुर्जर निवासी टोरडा से बदमाशों ने 6 लाख 10 हजार रुपए लूट लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर सरूण्ड थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लूट का माल बरामद इस लूटकांड में पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों नत्थूलाल गुर्जर, पिंटू मीणा और लोकेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने इन आरोपियों से लूटी गई पूरी राशि 6 लाख 10 हजार रुपए, वारदात में प्रयुक्त बाइक और डराने के लिए इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा मय चार जिंदा कारतूस जब्त किए थे। लूट की वारदात के बाद से ही मुख्य साजिशकर्ता रिशाल मीणा फरार चल रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश और एएसपी नाजिम अली खान के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। डीएसपी लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन और थानाधिकारी यशपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार पीछा कर वांछित आरोपी रिशाल कुमार उर्फ रिशाल मीणा (28) पुत्र बाबूलाल मीणा निवासी पाथरेड़ी, पुलिस थाना सरूण्ड को धरदबोचा।