सरुण्ड थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय हिस्ट्रीशीटर और अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी अजय सिंह प्रदेश के कई जिलों में चोरी, लूट और फायरिंग जैसी वारदातों में शामिल रहा है। थानाधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर अजय सिंह जोशी वाली ढाणी, गोरधनपुरा क्षेत्र में एक सफेद रंग की टीवीएस मोटरसाइकिल पर बैठा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी में मिला देशी कट्टा और जिंदा कारतूस पुलिस ने तलाशी के दौरान 36 वर्षीय अजय सिंह पुत्र गिरवर सिंह राजपूत निवासी भैंसलाना, थाना सरुण्ड के पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके साथ ही उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल नंबर आरजे 32 एसएन 1443 भी जब्त की गई। आर्म्स एक्ट के मामलों में हो रही पूछताछ पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूर्व में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामलों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके पास हथियार कहां से आया और चोरी की बाइक किस क्षेत्र से लाई गई थी। कई थानों में दर्ज हैं गंभीर मामले पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अजय सिंह पर राजस्थान और हरियाणा के कई थानों में गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हरियाणा के सदर थाना नारनौल, जयपुर के विश्वकर्मा, हरमाड़ा, झोटवाड़ा, जवाहर सर्किल, मानसरोवर, करणी विहार, भांकरोटा सहित प्रतापगढ़, रायसर, कोटपूतली, प्रागपुरा, नारायणपुर, सरुण्ड, विराटनगर और श्री माधोपुर क्षेत्रों के मामले शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य साथियों और संभावित वाहन चोरी गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।