अलवर में ससुराल में पड़ोसी के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए एक युवक पर तीन बदमाशों ने लाठियों से हमला कर दिया। इससे युवक का दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। वहीं वारदात में युवक की पत्नी और सास को भी चोटें आई हैं। घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की है। इसकी रिपोर्ट रविवार शाम को दर्ज कराई गई। वहीं मौके का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है। घटना से जुड़े देखें PHOTOS… लाठियां लेकर आए तीन बदमाश, किया हमला घटना के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि घायल सचिन शादी समारोह में कुछ लोगों के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। उसी दौरान उसकी सास गायत्री और पत्नी सोनू भी पास में मौजूद थीं। तभी मोहल्ले के रहने वाले मनोज, अभिषेक और सौरव हाथों में लाठियां लेकर आए और आते ही सचिन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बचाव के लिए सचिन ने हाथ आगे किया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। इस दौरान उसकी सास और पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन उन्हें भी चोटें आईं। सास गायत्री के सिर में लाठी लगने से चोट आई है। पीड़ित ने मामला दर्ज कराया पीड़ित सचिन ने बताया- वह शालीमार में रहता है और उसका ससुराल अखैपुरा में है। वह अपने दोस्त की शादी में शामिल होने आया था। बनवारे के बाद वह अपनी पत्नी के साथ घर आ गया। इसी दौरान पास में उसकी पत्नी की सहेली की शादी चल रही थी, जहां वे दोनों मौजूद थे। तभी अचानक आरोपियों ने हमला कर दिया। सचिन के अनुसार- उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है। उसे समझ नहीं आ रहा कि हमला क्यों किया गया। वहीं घटना के बाद सचिन की पत्नी सोनू ने आरोपियों के खिलाफ अखैपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।