सवाई माधोपुर में चकचैनपुरा हवाई पट्टी के पास मंगलवार को बाइक और वेन्यू कार के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जल गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मानटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। एक्सीडेंट होते ही लगी आग मानटाउन थाना एएसआई अरविंद सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे चकचैनपुरा हवाई पट्टी के पास बाइक और वेन्यू कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते बाइक जलकर राख हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना मानटाउन थाना पुलिस को दी। इस दौरान वेन्यू कार से ही घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर मानटाउन थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। गंभीर घायल जयपुर रेफर जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया। घायल की पहचान विजय मीणा (25) पुत्र सीताराम मीणा निवासी अमीनपुरा, तहसील उनियारा, जिला टोंक के रूप में हुई है। युवक की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।