सवाई माधोपुर के पुराने शहर में आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जुलूस निकाला गया। इसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। फूल बरसाकर उनका स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़े के साथ निकला जुलूस जुलूस की शुरुआत दंडवीर बालाजी चौराहे से हुई। यह शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए खंडार तिराहे पर पहुंचा। जहां से यह भैरव दरवाजा, आलनपुर सर्कल, रणथंभौर सर्किल और हमीर पुलिया से होता हुआ आगे बढ़ा। पूरे मार्ग में डीजे, ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति व सामाजिक जागरूकता से जुड़े गीतों की धुन पर लोग नाचते-गाते नजर आए। युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं की भी भागीदारी रही। जुलूस जब बजरिया के मुख्य मार्ग से गुजरा, तो लोग उसे देखने उमड़े। ‘जय भीम’ के नारे लगाए गए। आयोजन में सामाजिक एकता, समानता और शिक्षा का संदेश दिया गया। अंत में जुलूस अंबेडकर सर्किल पहुंचा, जहां इसका भव्य समापन हुआ। यहां उपस्थित लोगों ने डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता व न्याय की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अंबेडकर सर्किल पर सभा का किया आयोजन अंबेडकर सर्किल पर जिला प्रशासन की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला कलेक्टर कानाराम सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर कानाराम ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को समता की शपथ दिलाई। यहां पर पद दंगल का भी आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर की जीवनी की जानकारी दी गई। अंबेडकर सर्किल पर इस दौरान बामनवास विधायक इंदिरा मीणा, खंडार जीतेंद्र गोठवाल, पूर्व विधायक अशोक बैरवा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।