सवाई माधोपुर जिले के भाड़ौती गांव में डीप फ्रीजर (डी फ्रीज) का तार लगाते समय करंट लगने से दुकानदार की मौत हो गई। करंट की चपेट में आने के बाद परिजन और आसपास के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसा गुरुवार सुबह भाड़ौती बाजार में हुआ। लोगों ने पहुंचाया हॉस्पिटल, इलाज के दौरान मौत जानकारी के अनुसार भाड़ौती गांव निवासी गिर्राज प्रसाद गर्ग (45) पुत्र घनश्याम गर्ग रोजाना की तरह सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे थे। दुकान में रखे डीप फ्रीजर का तार लगाते समय अचानक वे करंट की चपेट में आ गए और अचेत होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल भाड़ौती अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सवाई माधोपुर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें रणथंभौर सेविका अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार गिर्राज गर्ग के परिवार में बेटी (18) और बेटा (13) है।