सवाई माधोपुर के मानटाउन थाना क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बजरिया क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन कर लगातार जांच की गई। मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला से छीनी ढाई तोले की चैन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि 22 अप्रैल की सुबह कलेक्ट्रेट निवास चौराहे के पास मॉर्निंग वॉक कर रही 60 वर्षीय कृष्णा देवी के गले से बाइक सवार बदमाशों ने करीब ढाई तोला सोने की चैन तोड़ ली थी और मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में मानटाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। 100 से ज्यादा CCTV खंगाले, स्कूटी से मिला सुराग जांच के दौरान पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें वारदात में प्रयुक्त टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी की पहचान हुई। वाहन मालिक सरिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथियों अभिषेक वर्मा उर्फ नरेन्द्र और गुलशन शर्मा के साथ मिलकर वारदात की साजिश रचने की बात कबूल की। एक हजार किलोमीटर पीछा कर दिल्ली-हरियाणा से गिरफ्तारी पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर दिल्ली और हरियाणा में लगातार पांच दिन तक करीब 1000 किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया। इसके बाद दोनों मुख्य आरोपियों को रोहिणी (दिल्ली) से गिरफ्तार किया गया। वहीं छीनी गई चैन खरीदने वाले आरोपी विकास वर्मा उर्फ पम्मी को रेवाड़ी (हरियाणा) से गिरफ्तार किया गया। रैकी कर सुनसान जगह पर दिया वारदात को अंजाम पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात से पहले क्षेत्र की रैकी की थी और सुनसान स्थान देखकर घटना को अंजाम दिया। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।