धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में सवाई माधोपुर पुलिस लाइन में तैनात एक कॉन्स्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कॉन्स्टेबल लक्ष्मी नारायण बयाना, भरतपुर का निवासी था। उसका विवाह करीब 10 वर्ष पूर्व धौलपुर निवासी एक महिला से हुआ था। पिछले चार वर्षों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि 22 अप्रैल को लक्ष्मी नारायण को फोन कर धौलपुर बुलाया गया, जहां उसकी पत्नी और साले ने उसे जहर दे दिया। परिजनों ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों ने घायल कॉन्स्टेबल लक्ष्मी नारायण को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज दिलवाया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां 23 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने बताया कि घटना से पहले उन्हें एक वीडियो भी भेजा गया था, जिसमें कॉन्स्टेबल को जहर देने की बात सामने आई थी। परिजनों ने इस पूरे मामले को सुनियोजित हत्या करार देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।