सवाई माधोपुर में सोमवार को गाय के सम्मान में रैली निकाली गई। गाय के साथ निकाली इस रैली में शहरवासी और साधु संत डीजे पर कीर्तन करते हुए साथ चल रहे थे। बड़ी संख्या में लोग नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। रैली में शामिल लोगों ने बताया कि गौ सम्मान और आव्हान दिवस के दौरान गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने की मांग की। गौ माता के साथ डीजे पर किया कीर्तन यहां सुबह रेलवे स्टेशन के पास स्थित सिटी सेंटर मॉल पर गौ भक्त इकठ्ठा हुए। जहां से गौ माता के साथ इस रैली की शुरुआत हुई। रैली में शामिल गौ भक्त डीजे की धुन पर ‘जय गौमाता, जय गोपाल’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। रैली सिटी सेंटर मॉल से रवाना होकर यह रैली शर्मा होटल, अंबेडकर सर्किल होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। कलेक्ट्रेट पर लोगों ने नारेबाजी की। यहां गौ भक्तों और साधु संतों ने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने सवाई माधोपुर एसडीएम को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान रैली में साधु-संतों सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त मौजूद रहे और पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था व उत्साह का माहौल देखने को मिला।