सवाई माधोपुर के कुशालीपुरा स्थित गुर्जर आरक्षण शहीद स्मारक पर कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति नहीं लगने से गुर्जर समाज में आक्रोश है। कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति नहीं लगने से नाराज गुर्जर समाज फिर मुखर होने लगा है। इसी कड़ी में गुर्जर समाज की ओर आज कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति लगवाने को लेकर कलेक्टर कानाराम और एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी को ज्ञापन सौंपा गया। गुर्जर समाज ने आंदोलन की चेतावनी दी ज्ञापन में गुर्जर समाज के लोगों ने बताया कि पूर्व में गुर्जर आरक्षण आन्दोलन हुआ था, जिसमें गुर्जर समाज के दो लोग शहीद हुए थे। 31 मई 2007 को शहीद होने के बाद प्रशासन से वार्ता कर समझौता अनुसार प्रशासन एवं जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कुशलीदरा में उनका अंतिम संस्कार किया गया और उनकी याद में वहीं पर चबूबरा निर्माण किया गया था। जिसपर आर.सी.सी. के पिल्लर भी खडे किये जा चुके है। यहां कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति लगवाना प्रस्तावित है। इसे लेकर गुर्जर समाज की जिला कलेक्टर, एसपी और स्थानीय विधायक के साथ दो तीन दौर की बैठक हुई। जिसमें स्थानीय विधायक ने दो माह और प्रशासन ने चार माह का समय मांगा था कि नियत समय मे निर्माण पूर्ण कर मूर्ति लगा देंगे। लेकिन 6 महीने से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी कोई प्रगति नहीं हुई है। ज्ञापन में गुर्जर समाज ने चेतावनी दी है कि इस काम को 30 अप्रैल तक पूरा किया जाए नहीं तो गुर्जर समाज के लोग 30 अप्रैल को बडा आंदोलन कर यहां मूर्ति लगाएंगे। ज्ञापन में गुर्जर समाज ने बताया कि या तो प्रशासन इसकी अनुमति प्रदान करें, वरना यदि कोई भी जनहानि या नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।