सवाई माधोपुर के दुब्बी बनास क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालातों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय सेना, SDRF, सिविल डिफेंस और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त मॉक ड्रिल की। इसमें जयपुर स्थित भारतीय सेना की इकाइयां भी शामिल हुई। अभ्यास के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, आपातकालीन प्रतिक्रिया और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के समग्र प्रभारी मेजर अंकित रहे। पुलिस व्यवस्थाओं एवं समन्वय की जिम्मेदारी एएसपी एवं उप कमांडेंट SDRF जयपुर नरेश शर्मा ने संभाली। SDRF दल का नेतृत्व एसआई पुष्पेंद्र सिंह ने किया, जबकि पुलिस बल के कंपनी कमांडर के रूप में एसआई ओम प्रकाश ने अपनी भूमिका निभाई। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच तालमेल को और अधिक मजबूत बनाना, बचाव एवं राहत कार्यों की दक्षता बढ़ाना और बाढ़ जैसी किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। इस संयुक्त मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी दलों ने अपनी तैयारियों का व्यावहारिक परीक्षण किया।