सवाई माधोपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने हत्या के मामले में 8 महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी प्रमोद मीणा को कुश्तला के पास से पकड़ा। घटना के बाद से आरोपी टोंक, अलीगढ़, उनियारा, जयपुर, कोटा और बूंदी सहित विभिन्न स्थानों पर छिपकर फरारी काट रहा था। बस में सीट को लेकर हुआ था विवाद एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया- 30 दिसंबर 2025 की रात देवली (टोंक) से निमली रोड आई एक बारात में बस में बैठने की बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर चाकूबाजी हुई, जिसमें मनोज रैगर की मौत हो गई थी। जबकि अन्य लोग घायल हुए थे। इस संबंध में कोतवाली थाने में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि प्रमोद मीणा घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस ने 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। आरोपी को पकड़ने के लिए एएसपी विजय सिंह मीणा और कार्यवाहक सीओ सिटी जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रमोद मीणा (35) पुत्र प्रकाश मीणा निवासी बंगाली कॉलोनी, देवली (टोंक) को गिरफ्तार किया।