सवाई माधोपुर रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस शहीद दिवस पर बुधवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। इसमें शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी भी मौजूद रहीं। शहीदों के नाम पुकारे कार्यक्रम के दौरान एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने शहीदों की नामावली का गारिमामय वाचन किया। इसके बाद एसपी सहित पुलिस अधिकारियों और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। इस दौरान बिगुल की आवाज के बीच सशस्त्र पुलिस टुकड़ी ने तीन राउंड फायर कर शहीदों को सलामी दी। पूरे कार्यक्रम में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान का भाव देखने को मिला। शहीदों के बलिदान को किया याद पुलिस शहीद दिवस पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करने का अवसर है। पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश और आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्यौछावर करने वाले इन वीरों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। इस अवसर पर अमर शहीदों के अदम्य साहस और त्याग को नमन करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। शहीदों का सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा, और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम के माध्यम से मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सभी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।