सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को सवाई माधोपुर में रन फॉर यूनिटी मैराथन निकाली गई। करीब दो किलोमीटर की इस दौड़ में अधिकारी, कर्मचारी, पुलिसकर्मी, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली विद्यार्थी शामिल हुए। इसी दौरान मैराथन मार्ग पर आवारा पशु भी दौड़ते नजर आए। एक गाय स्कूली बच्चों के पीछे दौड़ पड़ी, लेकिन कोई हादसा नहीं हुआ। आयोजन में बच्चों के लिए टी-शर्ट, जलपान और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था भी नहीं दिखी। मैराथन के दौरान बच्चों के पीछे दौड़ी गाय मैराथन के दौरान मार्ग पर आवारा पशु नजर आए। इसी बीच एक गाय स्कूली बच्चों के पीछे दौड़ने लगी। गनीमत रही कि कोई बच्चा इसकी चपेट में नहीं आया और हादसा टल गया। बाद में नगर परिषद कर्मचारियों ने गाय को वहां से भगाया। बच्चों को टी-शर्ट और पेयजल तक नहीं मिला मैराथन में स्कूली बच्चों की भागीदारी तो रही, लेकिन उनके लिए जरूरी इंतजाम नाकाफी नजर आए। बच्चों को टी-शर्ट तक उपलब्ध नहीं कराई गई। वहीं, जलपान और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था भी नहीं दिखी। इससे आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे। हालांकि बाद में बड़ी जद्दोजहद के बाद बचे 131 बच्चों को टी शर्ट उपलब्ध करवा दी गई। करीब दो किलोमीटर की मैराथन में कई विभागों के लोग हुए शामिल शनिवार सुबह जिला परिषद CEO मोहित कासनिया की मौजूदगी में अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। करीब दो किलोमीटर की इस दौड़ में शिक्षा विभाग, खेल विभाग, पुलिस और RAC के जवान, NCC कैडेट्स, निजी स्कूलों के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। सरकारी स्कूलों के छोटे बच्चे भी उत्साह के साथ मैराथन में दौड़े। एक ओर प्रतिभागी राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर रास्ते में आवारा पशुओं की मौजूदगी और बच्चों के लिए जरूरी सुविधाओं की कमी दिखाई दी।