सवाई माधोपुर में रविवार से सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा शुरू हो गई। यह परीक्षा 6 दिन तक चलेगी और 11 पारियों में होगी। जिले के 29 परीक्षा केंद्रों पर हर पारी में 8336 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पहले दिन सुबह की पारी में सामान्य ज्ञान (GK) का पेपर आयोजित हुआ। पहली पारी में 8336 स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड थे। जिनमें से 5729 स्टूडेंट्स ने यह परीक्षा दी। जबकि जिले में 2607 स्टूडेंट्स अनुपस्थित रहे। अब दोपहर की पारी में सोशल साइंस का पेपर हुआ। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। पहली पारी सुबह 10 से 12 बजे तक हुई रविवार को परीक्षा की पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। इसमें सामान्य ज्ञान (GK) का पेपर हुआ। वहीं दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक चली, जिसमें सोशल साइंस विषय की परीक्षा करवाई गई। 72 सीढ़ी स्कूल केंद्र पर देर से पहुंचा मेटल डिटेक्टर सवाई माधोपुर शहर के 72 सीढ़ी स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर मेटल डिटेक्टर करीब 20 मिनट देरी से पहुंचा। इससे पहले कुछ अभ्यर्थियों को बिना मेटल डिटेक्टर जांच के ही प्रवेश दे दिया गया। इस पर कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन परीक्षा केंद्र प्रशासन ने परीक्षा प्रक्रिया जारी रखी। जिले के लगभग सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर आने वाले हर स्टूडेंट की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। जूते-चप्पलों की भी हुई जांच परीक्षा केंद्रों पर जूते और चप्पलों की भी मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। वहीं महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले आभूषण उतारने के लिए कहा गया।