सवाई माधोपुर की हम्मीर पुलिया पर शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां शुक्रवार शाम को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली हम्मीर पुलिया से गुजर रहा था‌ जिसमें एक दर्जन से अधिक महिलाएं और बच्चे सवार थे। सभी लोग किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी अचानक ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच का कनेक्शन टूट गया। तेज आवाज से सहमे लोग प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कनेक्शन टूटते ही तेज धमाके की आवाज आई और ट्रॉली ट्रैक्टर से अलग हो गई। कुछ पल के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रॉली अनियंत्रित होने के बावजूद पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था और कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। यहां पहुंचकर लोगों ने ट्रॉली में सवार महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हलांकि इस घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा। जिसे बाद में स्थानीय लोगों, प्रशासन व यातयात पुलिस की मदद से स्थिति को संभाला गया और रास्ता फिर से चालू किया गया। जिससे यहां यातायात सुचारू हो सका।