सवाई माधोपुर में आज एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। यहां सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे तेज धूप का असर कम देखने को मिला। दोपहर बाद शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ। इस दौरान यहां बारिश का दौर करीब 10 से 15 मिनट तक चला। यहां बारिश की फुहारों से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। 9 मई से हीट वेव की चेतावनी बीते कुछ दिनों से सवाई माधोपुर जिले में लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी तेज आंधी तो कभी हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। आज हुई बूंदाबांदी के बाद सड़कों पर भी गर्मी का असर कम नजर आया और लोगों ने राहत महसूस की। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब बूंदाबांदी के बाद तापमान में और गिरावट होगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सवाई माधोपुर में 9 मई से हीटवेव (लू) का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। जिसके बाद यहां तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है।