सवाई माधोपुर के पुराने शहर से बुधवार को अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान बीच सड़क रखे सामानों को हटाया गया। वहीं बाजार में रोड के बीच गाड़ी पार्क करने वालों से भी समझाइश की। इससे पूर्व मंगलवार को कोतवाली थानाधिकारी मदनलाल मीणा, ट्रैफिक इंचार्ज राकेश कुमार शर्मा, शहर पुलिस चौक इंचार्ज ने सिटी बस यनियन और व्यापार संगठन के साथ बैठक की थी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान टीम ने दुकानदारों से अतिक्रमण न करने की समझाइश भी की। साथ में हिदायत भी दी कि अतिक्रमण करने पर चालान काटा कार्रवाई की जाएगी। दुकानों के बाहर रखा सामान अंदर रखवाया सवाई माधोपुर के पुराने शहर के मुख्य बाजार से पुलिस जाब्ते की मदद से दुकानों के बाहर रखे सामानों को अंदर रखवाया।‌ इसी के साथ ही सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाया गया। यहां ट्रैफिक इंचार्ज और कोतवाली थानाधिकारी ने दुकानदार व लोगों को सड़क पर वाहन नहीं खड़े करने की हिदायत दी। इस दौरान कोतवाली थानाधिकारी मदन लाल मीणा ने बताया कि आगामी एक दो दिन तक इसी तरह जाम से मुक्ति दिलवाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत सड़क पर खड़े वाहनों के चालान काटने और जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसी दुकानों के बाहर सामान रखने पर दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि सवाई माधोपुर के पुराने शहर में लगातार जाम के हालात बने रहते हैं। जिसकी शिकायतें लोगों ने प्रशासन से की थी।