श्रीगंगानगर। स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई जबकि साथ बैठा युवक घायल हो गया। यह हादसा रविवार सुबह करीब पौने सात बजे इंदिरा वाटिका के सामने हुआ। मृतक ने हेलमेट तो पहना था लेकिन लॉक नहीं लगाया हुआ था। इस कारण टक्कर लगते ही हेलमेट सिर से निकलकर दूर जा गिरी और हैड इंजरी से युवक की मौत हो गई। मृतक के चाचा की ओर से स्कॉर्पियो के चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाकर हादसा करने और गैर इरादतन हत्या के आरोप में जवाहरनगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। एएसआई मनीराम को मामले की जांच सौंपी गई है। ड्यूटी अधिकारी एएसआई विनोद कस्वां ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। ड्यूटी अधिकारी एएसआई कस्वां ने बताया कि 2 एमएल सरपंच कॉलोनी नाथांवाला निवासी 28 वर्षीय महेश शर्मा पुत्र श्रीचंद शर्मा का निधन हो गया। उसके साथ बाइक पर बैठे कालियां निवासी युवक सौरभ घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो आरजे 13 यूबी 9995 को चालक दक्ष प्रजापति चौक से चहल चौक की ओर लेकर जा रहा था। इंदिरा वाटिका के गेट के सामने उसने पहले गाड़ी को बांई ओर सेक्टर 6-8 की तरफ जाने को मोड़ा। फिर अचानक ही इंदिरा वाटिका के सामने डिवाइडर कट को पार करने को दांई ओर मोड़ दिया। इस दौरान न तो चालक ने इंडिकेटर दिया और न ही साइड मिरर को ही देखा। इस कारण पीछे आ रहे बाइक चालक महेश शर्मा को स्कॉर्पियो चालक ने देखा ही नहीं। दांयी ओर से ओवरटेक कर रही बाइक को स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक उछलकर दूर-दूर जा गिरे। घायलों को इसी स्कॉर्पियो की मदद से जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया गया। वहां महेश को मृत घोषित कर दिया। मृतक इकलौता बेटा था, पिता संस्कृत विद्यालय में पढ़ाते हैं : घटना में मृतक महेश शर्मा अपने पिता का इकलौता बेटा था। वह अविवाहित था और दूध का काम करता था। उसके पिता मीरा चौक के निकट स्थित संस्कृत विद्यालय में पढ़ाते हैं। बड़ी बहन शादीशुदा है। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पिता और परिवार के सदस्यों का रो-रोककर बुरा हाल हो गया। घटना के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से स्कॉर्पियो चला रहे युवक का पता लगाकर गिरफ्तारी की जाएगी। पहले बाएं मुड़ रही स्कॉपियो व पीछे आ रहे बाइक सवार दोनो पीड़ित। फिर दाएं मुड़ी स्कॉपियो ने साथ में से निकल रही बाइक को मारी टक्कर।