राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला फलोदी में आयोजित स्काउट मास्टर बेसिक कोर्स का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक फलोदी सोहन राम विश्नोई ने स्काउट मास्टर्स को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट छात्रों में सेवा भाव जागृत करता है, जिससे वे विपरीत परिस्थितियों में राष्ट्र सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। निरीक्षण के दौरान किशोर कुमार बोहरा (प्रधानाचार्य मलार), कांता पंवार (कमिश्नर गाइड, प्रधानाचार्य एसएमबी), देवेंद्र थानवी (प्रधानाचार्य मॉडल स्कूल) और चैनसुख नागल (पूर्व स्थानीय स्काउट सचिव) भी शिविर स्थल पर उपस्थित थे। इन सभी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया। शिविर की जानकारी शिविर संचालक पवन पांडर ने दी। स्काउट सचिव अरुण कुमार व्यास ने बताया- चार दिवसीय प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को गांठें बांधना, प्राथमिक उपचार, स्काउट नियम, प्रतिज्ञा और विभिन्न संकेत सहित कई कलाओं की जानकारी दी जा रही है। वरिष्ठ प्रशिक्षक किशनाराम डारा, करनाराम, सोमराज विश्नोई, भगीरथ विश्नोई (सचिव बाप) और शैतान सिंह राजपुरोहित यह प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। निरीक्षणकर्ताओं ने शिविर की व्यवस्थाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस शिविर में कुल 112 शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। मेहमानों का स्काउट स्कार्फ पहनाकर सम्मान किया गया।